आगरा। पेट्रोल की मांग ने शनिवार को पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। पेट्रोल बिक्री का एक नया कीर्तिमान बना। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान 10.21 लाख लीटर पेट्रोल की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई, जबकि डीजल का आंकड़ा 22 लाख लीटर के पार पहुंच गया।
जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे से शनिवार सुबह 10 बजे के बीच कुल 10,21,270 लीटर पेट्रोल बिका है। यह जिले के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक बिक्री है। इससे पहले एक दिन में अधिकतम 9 लाख लीटर पेट्रोल की बिक्री का रिकॉर्ड था, जो अब पीछे छूट गया है।
आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को जिले में 4162 किलो लीटर डीजल और 2749 किलो लीटर पेट्रोल का स्टॉक मौजूद था। कुल बिक्री की बात करें तो 2207.36 किलो लीटर डीजल और 1021.27 किलो लीटर पेट्रोल उपभोक्ताओं ने खरीदा। वहीं, निजी तेल कंपनी नायरा के पंपों पर सरकारी कंपनियों की तुलना में ईंधन महंगा बिक रहा है। नायरा के स्टेशनों पर पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा है। जिले में नायरा के कुल 17 फिलिंग स्टेशन संचालित हैं।
25 हजार से अधिक सिलिंडरों की डिलीवरी
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, अब घरेलू और व्यावसायिक गैस की सप्लाई पटरी पर लौट रही है। शनिवार को 20,789 सिलिंडरों की बुकिंग के सापेक्ष 25,815 सिलिंडरों की डिलीवरी की गई। व्यावसायिक गैस के 19 किग्रा. श्रेणी के 3,572 और 47 किग्रा श्रेणी के 368 सिलिंडरों की डिलीवरी दी गई है।
जिले में पर्याप्त स्टॉक
जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। मांग बढ़ने के बावजूद आपूर्ति शृंखला सुचारू रूप से कार्य कर रही है। - आनंद कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी, आगरा
एडवांस रकम जमा, सप्लाई में देरी
सैंया। खेरागढ़ स्थित एक पेट्रोल पंप पर डीजल व पेट्रोल उपलब्ध है। यहां अगली सप्लाई के लिए दो दिन पहले एडवांस रकम जमा कर दी गई, लेकिन कंपनी ने सप्लाई नहीं भेजी है। यहां कोई पंप ड्राई नहीं हुआ, जबकि शनिवार को पेट्रोल की मांग अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई।
पेट्रोल-डीजल का न करें भंडारण
बरौली अहीर। शनिवार को पेट्रोल पंपों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य रही। दुर्गा कांता फिलिंग स्टेशन के संचालक अश्विनी कुमार वशिष्ठ ने बताया कि डीजल और पेट्रोल का स्टाॅक उपलब्ध है। लोग आवश्यकता से अधिक ईंधन लेने आ रहे हैं जिससे भीड़ लग रही है। पूर्ति निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि वाहन चालक किसी भी तरह के अफवाह पर ध्यान न दें और ईंधन का स्टाॅक न करें।
उत्पाद शुल्क घटाने पर फेम ने जताया आभार
व्यापारिक संस्था फेम ने डीजल-पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोबती ने पीएम को पत्र भेजकर कहा कि सरकार ने भारत की आम जनता को बड़ी राहत दी है। यदि ये कदम न उठाया गया होता तो पेट्रोल कंपनियां मूल्य बढ़ाने पर विवश होतीं। इससे माल ढुलाई में वृद्धि होती और प्रत्येक वस्तु का दाम भी बढ़ता।