फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में बीएससी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की आशंका पर परिजन छात्रा को लेकर देर रात थाने पहुंचे। यहां पुलिस की प्राथमिक जांच में सामूहिक दुष्कर्म की फर्जी कहानी से पर्दा उठ गया। मामला प्रेम प्रसंग का निकला। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर रात में ही बिना केस दर्ज कराए घर वापस लौट गए।
फूफा के घर रह रही है छात्रा
जनपद आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र की रहने वाली युवती थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्टेशन रोड पर अपने फूफा के यहां रहकर एक महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। मंगलवार को छात्रा अपने फूफा के घर से महाविद्यालय में एनसीसी का कार्यक्रम होने की बात कहकर सुबह 9 बजे निकली थी। इसके बाद घर नहीं लौटी। छात्रा शाम 6:30 बजे घर आई और बेहोश होकर गिर पड़ी।
रात को थाने पहुंचे घरवाले
इसके बाद परिवार के लोगों ने उसके अपहरण की बात कही। इतना ही नहीं छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का भी आरोप लगाया गया। परिवार के लोग रात को ही थाने पहुंच गए और पुलिस से शिकायत की, लेकिन जब इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की, तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला। हकीकत सामने आने के बाद परिजनों के सिर शर्म से झुक गए और वे वापस अपने घर लौट गए।