आगरा। आरबीएस इंटर कॉलेज क्रिकेट अकादमी की सब जूनियर राउंड रॉबिन क्रिकेट लीग में शनिवार को आरबीएस रेड ने आरबीएस ब्लू को आठ विकेट से हराकर आसान जीत दर्ज की। मैच में आरवुद्दीन जीत के नायक रहे। उन्होंने चार विकेट लिए और नाबाद अर्धशतक भी लगाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ब्लू टीम 28 ओवर में 155 रन पर सिमट गई। अरहान श्रीवास्तव ने 39, लक्ष्य कन्नौजिया ने 28 और शिवांग अग्रवाल ने 20 रन बनाए। आरबीएस रेड के प्रियांक अरोड़ा ने छह ओवर में मात्र 19 रन देकर पांच विकेट झटके। कप्तान आरवुद्दीन ने भी चार विकेट अपने नाम किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेड टीम ने सिर्फ दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आरवुद्दीन ने नाबाद 50, विशाल राजपूत ने 31 रन का योगदान दिया। आरवुद्दीन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीपी सिंह और पूर्व क्रिकेटर अनुज सिंह ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान आयोजन सचिव अतुल सोलंकी, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रकाश कौशल, इंडिया अंडर-19 पूर्व खिलाड़ी विवेक यादव, पूर्व क्रिकेटर नवीन गोस्वामी, राव हरेंद्र सिंह, नागेश पंडित, दीपेंद्र राठौर, कमेंटेटर नरेंद्र शर्मा, कपिल शर्मा, फैजल रईस सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।