कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में लॉकडाउन के दौरान कोई भूखा न रहे, इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार गरीबों के लिए मुफ्त राशन भेज रही है। लेकिन जिला आपूर्ति विभाग के अफसरों की सांठगांठ से राशन डीलर गरीबों के निवाले पर डाका डाल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही परिवार के राशन कार्ड पर तीन अलग-अलग जातियों के सदस्यों के नाम दर्ज हैं। खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट पर यह राशन कार्ड अपलोड है। इसका खुलासा होने पर एसडीएम मांट ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
यह मामला नौहझील क्षेत्र के ग्राम पंचायत छिनपारई का है। आरोप है कि राशन विक्रेता महेंद्र सिंह ने जिला आपूर्ति विभाग के अफसरों के गठजोड़ कर अपने परिवारीजनों व रिश्तेदारों के नाम फर्जी राशन कार्ड बनवा लिए हैं और वो गरीबों का राशन हड़प रहा है।