कासगंज। जिले में अंत्योदय कार्ड योजना के कार्ड बनाने में जमकर घालमेल हुआ है। शासन के निर्देश पर कराए जा रहे सत्यापन में लगातार इसका खुलासा हो रहा है। अब तक 131 कार्ड फर्जी निकले हैं। इन्हें निरस्त किया जा रहा है।
जिले में 27435 अंत्योदय कार्ड धारक हैं। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे कार्डधारक हैं जो अपात्र हैं। शासन के निर्देश पर आपूर्ति विभाग पांच सौ टीमों से इनका सत्यापन करा रहा है। 500 टीमें इन कार्डों का भौतिक सत्यापन कर रही है।10 दिन पहले जिले में 24 अपात्र चिन्हित किए गए थे। इसके बाद चार लोगों ने खुद ही कार्ड सरेंडर कर दिए।
अब 103 अपात्र और जांच में सामने आए है। इससे अपात्रों की संख्या बढ़कर 131 हो गई है। सभी कार्डों को निरस्त करने की कार्रवाई चल रही है। डीएसओ सत्यवीर सिंह ने बताया कि जो अपात्र सामने आ रहे हैं सभी के कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं। इन लोगों से राशन का बाजार मूल्य से 1.25 गुना धन वसूल किया जाएगा।