कासगंज। जिले में अंत्योदय कार्ड योजना में जमकर फर्जीवाड़ा हुआ है। जांच शुरू होते ही कार्रवाई के डर से अपात्र अपने कार्ड सरेंडर करने लगे हैं। इसी के चलते शुक्रवार को चार कार्डधारकों ने अंत्योदय कार्ड सरेंडर कर दिए।
जिले में 27435 अंत्योदय कार्डधारकों की जांच की जा रही है। शहर की पांच दुकानें विभाग के निशाने पर है। इन दुकानों पर सबसे अधिक अंत्योदय कार्डधारक हैं। जांच शुरू होने के बाद अब तक 24 कार्डधारक अपात्र पाए गए।
इनमें से कई बडे़ व्यापारी, अच्छी खासी जमीन के स्वामी, सरकारी नौकरी करने वाले, पेंशन धारक आदि शामिल हैं। विभाग ने इनको नोटिस जारी कर दिया था। अब शुक्रवार को चार अपात्रों ने खुद ही अपने कार्ड सरेंडर कर दिए हैं।
चार अंत्योदय कार्डधारकों ने अपने कार्ड सरेंडर करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। विभाग इन कार्डों को निरस्त कर रहा है। इसके अलावा शहर की पांच दुकानों पर सबसे अधिक कार्ड हैं इनकी जांच की जिम्मेदारी पूर्ति निरीक्षक को सौंपी है। -सत्यवीर सिंह, डीएसओ