भोगांव में चोरी के बाद घर में फैला सामान
- फोटो : MAINPURI
भोगांव/औंछा। चोरों ने बृहस्पतिवार की रात भोगांव क्षेत्र में रजवाना और औंछा थाना क्षेत्र के गांव नगला मिंते में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दोनों स्थानों से लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। थाना भोगांव क्षेत्र के रजवाना रोड निवासी रमेश चंद्र शाक्य बृहस्पतिवार की रात छत पर सो गए। रात में चोरों ने दरवाजे के पास लगे जंगला को काटकर घर में प्रवेश कर लिया। चोरों ने कमरों के ताले तोड़ने के बाद अलमारी और बक्सों में रखे जेवर व नकदी चोरी कर ली।
शुक्रवार की सुबह जब रमेश जागने के बाद छत से नीचे आए तो कमरे में रखी अलमारी के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा मिला। सूूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गृहस्वामी ने पुलिस को बताया कि चोर करीब 38 हजार की नकदी, एक तोला सोने का बेंदा, डेढ़ तोला सोने की जंजीर, दो अंगूठी, चांदी की करधनी, खुड़ुआ, पायल बर्तन चोरी कर ले गए।
अंदर से बंद था दरवाजा
चोरी की दूसरी वारदात थाना औंछा क्षेत्र के गांव नगला मिंते निवासी फूल सिंह के घर में हुई। बृहस्पतिवार की रात फूल सिंह परिजनों के साथ आंगन में सो गए थे। रात में किसी समय चोरों ने मकान के पिछले हिस्से में नकब लगाया और कमरे के अंदर दाखिल हो गए। चोर बक्सा व अलमारी का ताला तोड़कर हजारों की नकदी व जेवर चोरी कर ले गए।
सुबह करीब चार बजे फूल सिंह जागे और कमरे का दरवाजा खोलना चाहा तो वह अंदर से बंद था। शक होने पर जब वह मकान के बाहर गए और पिछले हिस्से में जाकर देखा तो कमरे में नकब लगा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गृहस्वामी से जानकारी ली। थाना पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार चोर बीस हजार रुपये की नकदी और करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए।
दो सौ मीटर की दूरी पर मौजूद रही पुलिस
भोगांव के मोहल्ला हथियापौर निवासी रमेश चंद्र की कबाड़ की दुकान में बृहस्पतिवार की रात को किसी ने आग लगा दी। रात करीब 12 बजे हुई उक्त घटना के बाद रमेश व परिजनों ने आग को आसपास के लोगों की मदद से बुझाया था। पीड़ित के अनुसार जिस समय आग लगी थी उस समय पुलिस की एक गश्ती टीम वहां मौजूद थी। ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल से महज दो सौ मीटर की दूरी पर पुलिस मौजूद थी। बावजूद इसके चोर वारदात करने के बाद आसानी से निकल गए।