सिकंदरा के रुनकता में स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में युवतियों के साथ दुष्कर्म के आरोप में संचालक भगवान सिंह (40) को मंगलवार दोपहर को गिरफ्तार कर लिया गया।
अलीगढ़ निवासी 25 वर्षीय युवती ने आश्रम से भागकर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। उसकी करतूत का पता चलने पर गुस्से में आए आसपास के लोगों ने उसे पकड़ा और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित युवती ने मीडिया को बताया कि वह कई सालों से यह घिनौनी करतूत कर रहा है। दस साल से आश्रम चला रहे छठी फेल भगवान सिंहने यह कुबूल किया है कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाली युवती के साथ दुष्कर्म किया।
भगवान सिंह पुत्र स्वर्गीय मटरे आगरा के ही कागारौल के गांव नगला ठहर घिगरौता का रहने वाला है। आश्रम में फिलहाल तीन युवतियां और दो बच्चियां रहती हैं। पहले संख्या ज्यादा थी।
आरोप है कि भगवान सिंह ने 23 जून को युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। वह भागकर रुनकता पुलिस चौकी पहुंच गई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तो आश्रम लौट गई। दो दिन में कार्रवाई न होने पर वह मंगलवार को फिर से आश्रम से बाहर निकली और आसपास के लोगों को भगवान सिंह की करतूत के बारे में बताया।
उन लोगों ने उसे पुलिस के हवाले किया। एएसपी हरीपर्वत गोपाल चौधरी ने बताया कि भगवान सिंह के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, छेड़खानी की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
हां, मैंने गलत काम किया है
भगवान सिंह ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कुबूल किया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उसने कहा कि उसने एक युवती के साथ दुष्कर्म किया है।
इसकेबाद वह बार-बार यही कहता रहा कि गलती हो गई, पता नहीं था वह रिपोर्ट दर्ज करा देगी। पीड़ित युवती ने कुछ दिन पहले अछनेरा एक कॉलेज में बीए में दाखिला लिया है।
बंधक बनाकर रखता था युवतियों को
आश्रम में रहने वाली युवतियों ने बताया कि उन्हें बंधक बनाकर रखा जाता है। कहीं भी जाने की इजाजत नहीं है। रिपोर्ट दर्ज कराने वाली युवती चार साल पहले घर छोड़कर आश्रम में आई थी। वह कुछ दिन पहले घर गई और मोबाइल ले आई। भगवान सिंह ने देखते ही मोबाइल और सिमकार्ड को तोड़ दिया।
जोन संचालक ने आश्रम को फर्जी बताया
ब्रह्माकुमारी आश्रम की जोन संचालक ब्रह्माकुमारी शीला का कहना है कि रुनकता में ब्रह्माकुमारी के नाम से फर्जी आश्रम चल रहा था। यह आश्रम माउंट आबू स्थित मुख्यालय से अधिकृत नहीं था। ब्रह्माकुमारी आश्रमों की सूची में रुनकता में कोई सेंटर नहीं है।