कासगंज। शहर के बिलराम गेट इलाके में रेडीमेड गार्मेंट्स की दुकान पर मां के साथ कपड़ा खरीदने गई बालिका के साथ दुकान के कर्मचारी ने छेड़छाड़ कर दी। पुलिस ने चाइल्ड लाइन की मदद से अज्ञात कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सोरों क्षेत्र की महिला अपनी पुत्री (11) और दो छोटे बेटों के साथ रेडीमेड गार्मेंट्स की दुकान पर कपड़ा खरीदने गई थी। दुकान के कर्मचारी ने कपड़ा दिखाने के बहाने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी करते हुए अश्लील हरकत कर दी। बालिका ने घर पहुंचकर मां को मामला बताया। इसके बाद पिता को जानकारी दी गई। पिता ने मामले की जानकारी चाइल्ड लाइन को दी। चाइल्ड लाइन के डायरेक्टर ने उन्हें कोतवाली बुलाया। इसके बाद तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
चाइल्ड लाइन के डायरेक्टर हरिओम वर्मा ने बताया कि दुुकान के कर्मचारी द्वारा की गई छेड़खानी और अश्लील हरकत का मामला दर्ज करा दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। संवाद