11एमएनपी-37-दन्नाहार पुलिस द्वारा पकड़ा गया दुष्कर्म का आरोपी मनोज
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी/दन्नाहार। दुष्कर्म के बाद मासूम की हत्या ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव की होली को बेरंग कर दिया। ग्रामीणों में आरोपी के प्रति गुस्सा देखा गया। दुष्कर्म के बाद बालिका की हत्या करने वाला अपरिचित नहीं था। करीब चार-पांच साल से आरोपी का बच्ची के घर पर आना जाना था। वह रिश्ते में बच्ची का मामा लगता था। तभी तो परिजनों को आरोपी की नीयत पर शक नहीं हुआ। वारदात से मामा का रिश्ता दागदार हुआ तो परिवारीजनों का भरोसा भी टूट गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम घर के बाहर खेल रही बच्ची को मनोज जाटव अपने साथ ले जाते दिखा, लेकिन भरोसा और रिश्ते के बीच किसी को अनहोनी का आभास नहीं था। भरोसा इतना था कि बच्ची के लापता होने के बाद भी आरोपी पर शक नहीं किया जा रहा था। रात भर की तलाश के बाद जब आरोपी नहीं मिला तो परिवारीजनों को उस पर शक हुआ। मंगलवार सुबह अर्धनग्न हालत में बच्ची का शव मिलने के बाद तस्वीर साफ हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना था कि आरोपी शराबी किस्म का है, लेकिन वह इस हद तक गिर सकता है यह विश्वास नहीं था। रोते बिलखते परिवारीजन सिर्फ यही कह रहे थे कि अब किस पर विश्वास किया जाए। बेटी जिससे मामा कहती थी, उसी ने उसके साथ यह नीच हरकत की।
धरा रह गया अबीर गुलाल
गांव में सभी होली की तैयारी में थे। बच्ची ने भी पिता से कहकर अपने लिए रंग गुलाल मंगाया था। वह हंसी खुशी के साथ गांव के बच्चों के साथ होली खेलने की तैयारी में जुटी थी, लेकिन मासूम को क्या पता था कि होली मनाने के लिए वह इस दुनियां में नहीं होगी। बच्ची की मौत के बाद मां बाप का रो-रो कर बुरा हाल है। मासूम के तीन भाई हैं, वह मां-बाप की इकलौती बेटी थी। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। बच्ची के घर से रोने की आवाजें ही सुनाई दे रहीं थीं
फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने की जांच
बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की वारदात के बाद फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए मौके पर बुलाया गया। वारदात होली वाले दिन हुई, लिहाजा सतर्कता बरतते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराने के साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई गई।