नेशनल क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता
आगरा। मंगलौर (कर्नाटक) में संपन्न हुई सीनियर नेशनल क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में आगरा के पावरलिफ्टर रामसेवक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूपी के लिए एक रजत व एक कांस्य पदक जीता। उन्होंने 74 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की।
रामसेवक का चयन फरवरी माह में बरेली में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने और स्ट्रांग मैन ऑफ उत्तर प्रदेश का खिताब हासिल करने के आधार पर हुआ था। रामसेवक की इस उपलब्धि पर आगरा जिला पावरलिफ्टिंग संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर है।
समाजसेवी एवं संघ की संरक्षक नीलू धाकरे, डी.एस. धाकरे, संघ के अध्यक्ष सुरेश महाजन, उपाध्यक्ष राजीव सोई, देवेंद्र कुमार, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा समेत कई खिलाड़ियों व खेलप्रेमियों ने खुशी जताई। जिला पावरलिफ्टिंग कोच हरदीप सिंह ने उम्मीद जताई कि रामसेवक भविष्य में देश के लिए भी पदक जीतकर आगरा का नाम रोशन करेंगे।