मूछों में आग लगते ही हंसने लगेगा रावण
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजलीघर स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रामलीला मंचन के दौरान मंगलवार को विजयदशमी पर रावण का पुतला दहन किया जाएगा। रामलीला कमेटी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रावण के पुतले में आतिशबाजी ऐसी लगाई गई हैं कि प्रभु राम के अग्निबाण छोड़ते ही रावण की मूूछों में आग लगेगी और वह हंसने लगेगा। इसके बाद धीरे-धीरे बुराई के प्रतीक रावण का पुतला राख हो जाएगा।
रामलीला के मीडिया प्रभारी अमित गर्ग ने बताया कि रावण का पुतला मथुरा के कारीगर बना रहे हैं। पुतला करीब 100 फुट ऊंचा होगा। पहले राम और रावण की सेना में युद्ध होगा। युद्ध में रावण के मरने के बाद पुतला जलाया जाएगा। राम के स्वरूप अग्निबाण छोड़ेंगे। इस बाण से पुतले में आग लगेगी और आग सीधे रावण की मूछों तक पहुंच जाएगी। मूछों में आग लगते ही अहंकार का प्रतीक रावण अट्टहास करने लगेगा। धीरे-धीरे उसके सिर में आग लगेगी और आतिशबाजी के बीच रावण का अंत हो जाएगा। इस अवसर पर आतिशबाजी प्रतियोगिता आगरा के चमन मंसूरी और पीलीभीत के आतिशबाज शमशाद अली के बीच होगी। दोनों आतिशबाज अपने आतिशबाजी के करतबों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिकृति, बेटी बचाओ का संदेश, रामलीला कमेटी का बैनर, बच्चों को लिए स्पाइडर मैन, डोरीमोन और धार्मिक झांकियां प्रस्तुत करेंगे। संचालन मनोज अग्रवाल, मोहित गोयल, आनंद मंगल, प्रकाश चंद अग्रवाल के हाथ होगा।
इनबाक्स...
शेरवानी पहनेगा सेंट जोंस का रावण
दशहरा मेला स्वागत समिति की ओर सेंट जोंस स्थित वैश्य बोर्डिंग हाउस परिसर में दशहरा मेला आयोजन 11 और 12 अक्तूबर को किया जाएगा। अध्यक्ष राजीवकांत लवानिया ने बताया कि 11 अक्तूबर को दशहरा शोभायात्रा का स्वागत होगा। इसके बाद राम और रावण की सेना में युद्ध होगा। इसके बाद पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ड्रेस में परिवर्तन किया जाएगा। 12 अक्तूबर को सांस्कृतिक और सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विनय जैन, जुगल किशोर, मुकेश शर्मा, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।
इनबाक्स..
गली-गली में बन रहे पुतले
आगरा कैंट रेलवे संस्थान की रामलीला और बल्केश्वर में भी रावण का पुतला जलाया जाएगा। इसके अलावा शहर भर में कालोनियों और मुहल्लों में पुतला दहन की तैयारियां होने लगी हैं। बच्चे आपस में चंदा करके पुतला बना रहे हैं। मंगलवार को विजयदशमी के अवसर पर राणव का पुतला जलाकर बुराई का अंत करने की प्रेरणा लेंगे।