रामलीला मैदान के बड़े हिस्से में मेट्रो का निर्माण कार्य चलने की वजह से प्रभु श्रीराम के मंच का स्थान बदलने को लेकर संशय बना हुआ था, लेकिन मेयर और श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष के निरीक्षण के बाद स्थिति साफ हो गई है।
आगरा में बिजलीघर चौराहे के रामलीला मैदान के बड़े हिस्से में मेट्रो का निर्माण कार्य चलने की वजह से बना संशय बृहस्पतिवार को दूर हो गया। करीब एक घंटे निरीक्षण के बाद मेयर नवीन जैन और श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने तय किया कि प्रभु श्रीराम का मंच उसी स्थान पर बनेगा, जिस स्थान पर 140 साल से बनता आया है।
विज्ञापन
मेयर और कमेटी के पदाधिकारियों ने रामलीला मैदान के गड्ढों को भरने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही मैदान के बाहर बने नाले की सफाई, बैरिकेडिंग व्यवस्था, रंगाई-पुताई तत्काल कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर कमेटी के मंत्री राजीव कुमार अग्रवाल, अतुल बंसल, भगवानदास बंसल, मुकेश अग्रवाल, अंजुल बंसल, प्रवीन गर्ग, प्रकाश अग्रवाल, रामांशू शर्मा, आलोक अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, योगेश कुमार, राहुल गौतम भी मौजूद रहे।
पुराने स्थान पर ही होगा रावण का मंच
कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि रामलीला मैदान में रावण का मंच भी पुराने स्थान पर ही बनेगा। सभी लोग चाहते हैं कि रामलीला पुराने स्वरूप में ही दिखे।
पहले दिन 40 झांकियां पंजीकृत
कमेटी के मंत्री राजीव कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रभु श्रीराम की बरात में चलने वाली झांकियों का पंजीकरण शुरू हो चुका है। पहले दिन 40 झांकियों का पंजीकरण हुआ है। शुक्रवार व शनिवार को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक रामलीला मैदान स्थित हनुमान मंदिर में झांकियों का पंजीकरण होगा।