अयोध्या प्रकरण में फैसले के बाद स्थिति बिगड़ने के हालात में अराजक तत्वों को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन इंटर कॉलेज और क्वीन विक्टोरिया कॉलेज में बनाई अस्थायी जेल में रखा जाएगा। जिला कारागार के अधीक्षक ने इस संबंध में प्रस्ताव अपर जिलाधिकारी नगर प्रभाकांत अवस्थी को भेजा है।
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद को लेकर सुप्रीम कोर्ट का किसी भी दिन फैसला आ सकता है। इस फैसले के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन व्यापक स्तर पर तैयारी कर रहा है। शांति कमेटियों की बैठकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है।
संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी शुरू कर दी गई है। असामाजिक तत्वों को पाबंद किया जा रहा है। इतनी कवायद के बावजूद फैसले को लेकर यदि कोई शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उन्हें अस्थायी जेलों में कैद किया जाएगा।