टूंडला स्टेशन पर खड़ी राजधानी एक्सप्रेस
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के टूंडला स्टेशन पर सोमवार सुबह डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस का इंजन तकनीकी खराबी आने से फेल हो गया। राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से रेलवे में हड़कंप मच गया। करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रेन में मालगाड़ी का इंजन लगाकर रवाना किया गया। इस दौरान शताब्दी एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं।
कानपुर रेलखंड पर डिब्रूगढ़ से चलकर नई दिल्ली जाने वाली 12423 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस सोमवार सुबह करीब नौ बजे फिरोजाबाद स्टेशन से निकलकर हिरनगांव स्टेशन के निकट पहुंची। तभी अचानक रेल इंजन में तकनीकी खराबी आ गई।
चालक ने टूंडला नियंत्रण कक्ष को जानकारी देते हुए इंजन में आई खराबी को सही करने का प्रयास किया और किसी तरह धीमी गति से ट्रेन को टूंडला स्टेशन तक लेकर पहुंचा। टूंडला स्टेशन पहुंचने पर चालक ने इंजन को फेल घोषित कर दिया। इससे ट्रेन डेढ़ घंटे टूंडला रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।