आगरा। मेट्रो की बैरिकेडिंग के कारण हर दिन जाम से जूझते एमजी रोड पर बारिश आफत बनकर आई। जगह-जगह जलभराव ने 5 मिनट की दूरी को 70 मिनट का कर दिया। वाहनों की लाइन में लोग परेशान हो गए। पुलिसकर्मी चाैराहे पर ट्रैफिक संभाल रहे थे। रास्ते में लोग गाड़ियों के निकलने के लिए इंतजार कर रहे थे। स्कूलों की छुट्टी के समय सेंट जोंस चाैराहे से साईं का तकिया तक वाहनों की लाइन लगी। इसके साथ ही पंचकुइयां, लोहामंडी, मदिया कटरा, भगवान टाकीज पर भी जाम ने लोगों को समस्या में डाला।
एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण का काम चल रहा है। डिवाइडर से दोनों तरफ एक लेन तक बैरिकेडिंग लगी हुई हैं। वाहन बची हुई एक-एक ही लेन से निकलते हैं। इस कारण पीक आवर्स में वाहन फंसने लगते हैं। रोजाना जाम की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ता है। पिछले दिनों पुलिस आयुक्त संग बैठक के बाद फुटपाथ को कम कर सड़क को चाैड़ा कर दिया गया। इससे वाहनों को निकलने में आसानी हो गई। मगर सड़क पर बने गड्ढे परेशान कर रहे हैं।
मंगलवार को पूरे दिन बारिश की वजह से एमजी रोड पर गडढों में जलभराव हो गया। इससे जाम की समस्या होने लगी। बुधवार को भी लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। सुबह 10 बजे से हरीपर्वत से साईं का तकिया तक वाहनों का दबाव रहा। रुक-रुक वाहनों के निकलने के कारण वाहन फंस रहे थे। रात तकरीबन 8 बजे तक इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत साईं का तकिया से कलेक्ट्रेट तक रही।
बैरिकेडिंग के अंदर मिट्टी
बारिश की वजह से निर्माण कार्य स्थल पर भी कीचड़ हो गई। मिट्टी बहकर पानी के साथ सड़क पर आ गई थी। इससे रास्ता फिसलन भरा हुआ हो गया। लोग वाहनों को धीमा करके निकाल रहे थे। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के आदेश के बाद भी थाना पुलिस कहीं भी जाम लगने से रोकने में सहयोग करती नहीं दिखी और मेट्राे की ओर से तैनात मार्शल भी नहीं नजर आए।
यहां पर रही समस्या
साईं की तकिया से कलेक्ट्रेट तक दोनों ओर वाहनों की लाइन लगी रहीं। इसके अलावा धाकरान चौराहा, पंचकुइयां से एसएन मेडिकल काॅलेज तिराहा, राजा की मंडी, सेंट जोंस चौराहे तक वाहन निकालना टेढ़ी खीर बन गया। हरीपर्वत से स्पीड कलर लैब चौराहा की ओर पुलिस ने फुटपाथ तोड़ा है। सड़क से नीचा होने के कारण यहां पानी भरने से फिसलन हो गई थी। वाहन निकालने के दौरान कई वाहन फिसलने से चालक चोटिल हो गए।
हाईवे पर भी रहा जाम
दिल्ली हाईवे पर आईएसबीटी, भगवान टॉकीज चौराहा, सुल्तानगंज की पुलिया, रामबाग, वाटरवर्क्स चौराहा पर बसों के संचालन के कारण लोगों को जाम से दो-चार होना पड़ा। फ्लाईओवर से पानी टपकने के कारण नीचे से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी हुई। कामायनी तिराहा से लेकर रामबाग तक सड़क किनारे कई जगह जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई।
डीसीपी ट्रैफिक ने किया निरीक्षण
बुधवार को डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने लोहामंडी चौराहा से हरीपर्वत तक निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर यातायात दबाव, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, यातायात संकेतों की स्थिति, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और पूरी यातायात व्यवस्था को गहनता से देखने के बाद जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जरूरी निर्देश दिए। यातायात नियमों के पालन, अवैध पार्किंग पर कठोर कार्रवाई और पीक आवर्स में यातायात के सुचारु संचालन के लिए रणनीति बनाई गई है। इस दौरान एडीसीपी ट्रैफिक हिमांशु गौरव और एडीसीपी ट्रैफिक रामप्रवेश गुप्ता भी शामिल रहे।