सावन का आगाज ही बारिश के साथ हुआ। हालांकि रविवार को बारिश से आधा शहर ही भीगा। सिकंदरा, शाहगंज, अर्जुन नगर की ओर तो दोपहर बाद आधा घंटे तक झमाझम बारिश हुई, जबकि कमला नगर, मोती कटरा, फ्रीगंज, यमुना किनारा की ओर से एक बूंद भी न गिरी।
दोपहर में कुछ देर धूप निकलने से मौसम उमस भरा भी रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक, अगले दो दिन बादलों के छाए रहने और बारिश के आसार हैं। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में ही झमाझम बारिश की उम्मीद है।
अगस्त में अजब-गजब रहा है मौसम
1987 में अगस्त के महीने से बादल लौट गए थे। तब पारा सबसे ज्यादा 43 डिग्री तक दर्ज किया गया था। अगस्त के सामान्य तापमान से यह 10 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। इसके उलट सबसे कम पारा 1999 में रहा, जब दिन में तापमान महज 12 डिग्री रह गया। 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश 1952 के नाम है, जब 20 अगस्त के दिन 150 मिमी से ज्यादा बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया था।
अगस्त के रिकार्ड
सबसे ज्यादा तापमान 43 डिग्री 11 अगस्त 1987
सबसे कम तापमान 12 डिग्री 2 अगस्त 1999
सबसे ज्यादा बारिश 150.1 मिमी 20 अगस्त 1952