विश्व हिंदू परिषद के महानगर उपाध्यक्ष अरुण माहौर की शोकसभा में प्रदेश सरकार और समुदाय विशेष के खिलाफ हिंदूवादी नेताओं की जुबां से अंगारे बरसे। दो घंटे से ज्यादा देर तक चली इस सभा में हिंदूवादियों को हर गांव और शहर के हर वार्ड में गोरक्षा समिति के गठन का निर्देश दिया गया। वहीं, ‘दादरी’ जितना हक दिलाने तक आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया गया।
रविवार को जयपुर हाउस के रामलीला पार्क में हुई इस शोकसभा में सैकड़ों हिंदूवादी ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाते हुए टोलियों में पहुंचे। पार्क में शोकसभा को संबोधित कर रहे विहिप के केंद्रीय संयुक्त मंत्री डा. सुरेंद्र जैन ने कहा कि मुलायम सिंह यादव यदुवंशी होने के बावजूद गौ हत्यारों का साथ दे रहे हैं। कहा कि वे भूल रहे हैं कि हिंदुओं ने भी उन्हें वोट दिया था। उन्होंने समुदाय विशेष पर भी निशाना साधा। कहा कि अब तक हिंदू बलिदान देता आया है, लेकिन अब वो इसके लिए तैयार नहीं है। उन्होंने हर गांव और शहर के हर वार्ड में गोरक्षा समितियों का गठन करने का आह्वान किया। इससे पहले केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि गोकशों पर लगाम लगानी होगी। नहीं तो कल दूसरा अरुण मारा जाएगा। उन्होंने मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया। कहा कि ये तो प्रतीकात्मक शोकसभा थी, लेकिन जब तक मांगें पूरी नहीं हो जातीं हर मोहल्ले में श्रद्धांजलि सभाएं होंगी। जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। सांसद चौधरी बाबूलाल ने समुदाय विशेष पर निशाना साधते हुए एक बार दो-दो हाथ करने की चुनौती दी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से सपा सरकार का नुमाइंदा बनकर काम न करने की चेतावनी दी। साध्वी प्राची कैबिनेट मंत्री आजम खां पर जमकर बरसीं। उन्होंने कहा कि माहौर समाज के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। इस दौरान विधायक योगेंद्र उपाध्याय व जगन प्रसाद गर्ग, पूर्व मेयर बेबी रानी मौर्य, पूर्व डिप्टी मेयर नवीन जैन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर संघ चालक विजय गोयल, भाजपा जिला महामंत्री श्याम भदौरिया, प्रमोद गुप्ता, राजकुमार चाहर, कुंदनिका शर्मा, रामकुमार शर्मा आदि ने शोकसभा को संबोधित किया। संचालन विहिप के महानगर मंत्री राजीव शर्मा ने किया।