एसएन मेडिकल कालेज के एमबीबीएस छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। 29 से होनी वाली फाइनल प्रोफेशनल की परीक्षाएं रविवार को फिर स्थगित हो गईं।
विश्वविद्यालय ने मेडिकल छात्रों की परीक्षा के लिए 24 फरवरी की तिथि घोषित की थी। हड़ताल से एमबीबीएस सप्लीमेंट्री का परिणाम जारी नहीं हो सका। इससे फेल होने वाले छात्रों को फाइनल परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिलता। इसके चलते परीक्षा की तिथि 29 फरवरी कर दी गई। डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन 28 फरवरी तक परिणाम जारी नहीं कर सका। परीक्षा नियंत्रक केएन सिंह ने बताया कि रिजल्ट तैयार हो चुका है, आनलाइन करना बाकी है। परीक्षाओं की नई तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी। कालेज के प्राचार्य डा. एसके गर्ग का कहना है कि विश्वविद्यालय ने मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया को प्रयोगात्मक परीक्षा 12 मार्च तक निपटाने की तिथि दी है। इससे पहले फाइनल परीक्षाएं होनी हैं, जिसमें सात पेपर होंगे। परीक्षा में देरी होने से छात्र इंटर्नशिप नहीं कर सकेंगे।
सुरक्षा की व्यवस्था कराने के लिए डीएम को भेजा पत्र
परीक्षा शुल्क जमा न करने वाले 12 कालेजों के क्षेत्र के डीएम को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने बताया है कि इन कालेजों के शुल्क जमा न करने पर इनके छात्रों को परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। परीक्षाएं 11 मार्च से होने वाली हैं, छात्रों ने शुल्क कालेज वालों को दे दिया है, ऐसे में छात्र किसी प्रकार का उपद्रव कर सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक ने सुरक्षा की व्यवस्था करने की मांग की है।
फीस भरने के लिए तीन दिन का मौका
2016-17 सेशन के लिए जिन कालेजों ने परीक्षा शुल्क नहीं भरा है, उनके लिए कालेज लाग-इन आइडी एक से तीन मार्च तक के लिए खोल दी गई है। पीआरओ डा. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यार्थियों के हित में यह निर्णय लिया गया है।