कासगंज। जिले में बृहस्पतवार को दो घंटे तक हुई हल्की बारिश से रबी की फसलों को काफी लाभ मिला। बारिश किसानों के लिए वरदान बन गई। इससे किसान काफी खुश नजर आ रहे हैं। किसानों को अब फसलों के लिए हाल फिलहाल सिंचाई की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। कृषि वैज्ञानिकों ने बारिश को फसलों के लिए लाभदायक बताया है।
विज्ञापन
जिले में रबी के सीजन के तहत आलू, मटर, गेहूं, जौ, सरसों, चना, मटर, मसूर, तंबाकू आदि की लगभग 1.40 लाख हेक्टेयर में फसल बोई गई हैं। तीन दिन से निकल रही तेज धूप ने किसानों को चिंता में डाल दिया। पारा 25 डिग्री तक पहुंच जाने से फसलों की पैदावार प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया। बृहस्पतिवार को मौसम में बदलाव आने और बारिश हो जाने से किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी। इस बारिश से सबसे अधिक खुश गेहूं, सरसों, मटर, आलू, तंबाकू की खेती करने वाले किसान नजर आ रहे हैं। हल्की सिंचाई मिल जाने से सभी फसलों को लाभ मिल गया। बारिश थमने के बाद किसान अपने खेतों में फसलों का हाल देखने के लिए पहुंच गए। फसलों को लहलहाते देख किसानों के चेहरे खिल गए।