ताजनगरी आगरा में सर्दी ने दस्तक दे दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ ही दिनों में कोहरा पड़ने की संभावना है। वहीं बारिश की वजह से सर्दी भी बढ़ गई है।
आगरा में मौसम का मिजाज बदला है। दो दिन पहले तक सुबह से ही खिल जाने वाली धूप मंगलवार को वैसी नहीं दिखी। दिनभर बादल छाए रहे, धूप थोड़े समय के लिए ही नजर आई। अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी कोहरा पड़ने की संभावना व्यक्त कर रहे हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को दिन का पारा 25.4 डिग्री रहा, जो सोमवार के 27 डिग्री की अपेक्षा 1.6 डिग्री कम हो गया। हालांकि न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं रहा, यह 0.7 डिग्री अधिक रहा। कृषि विज्ञान केंद्र बिचपुरी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. संदीप सिंह के अनुसार दिसंबर के पहले सप्ताह से दिन के तापमान में गिरावट की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम बदल रहा है। बृहस्पतिवार को बारिश के आसार भी बन रहे हैं। पिछले 24 घंटों में शहर में 2.3 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।