प्रयागराज महाकुंभ में लगातार स्पेशल ट्रेनों के संचालन और अन्य परिचालन कारणों से रेलवे ने 18 से 28 फरवरी तक 19 ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। इनमें आगरा से होकर गुजरने वाली चार जोड़ी ट्रेनें हैं।
गाड़ी संख्या 12195-12196 आगरा फोर्ट-अजमेर एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 11901-02 वीरांगना लक्षमीबाई झांसी- आगरा कैंट शामिल हैं। यह गाड़ियां 28 फरवरी तक संचालित नहीं होंगी। अन्य निरस्त गाड़ियां आगरा से होकर नहीं गुजरती हैं। वहीं सोमवार को नई दिल्ली से झांसी तक चलने वाली ताज एक्सप्रेस और आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस भी निरस्त रही। ताज एक्सप्रेस रविवार को भी निरस्त थी।
सोमवार को इन ट्रेनों के अचानक निरस्त होने से एक हजार से ज्यादा यात्रियों ने रिफंड करवाया। सदर के सुमित उपाध्याय ने बताया कि लखनऊ इंटरसिटी के अचानक निरस्त होने से उन्हें मुश्किल का सामना करना पड़ा। मुश्किल से कन्फर्म टिकट हो पाई थी।
स्पेशल ट्रेनों के बाद भी प्रयागराज की ट्रेनों में मारामारी के हालात
प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में भीड़ कम नहीं हो रही है। रेलवे ने सोमवार को एक और स्पेशल ट्रेन चलाई है। इसके बाद भी स्टेशनों पर मारामारी के हालात हैं। ट्रेनों के पहुंचने पर आरपीएफ व जीआरपी के जवान तैनात रहे। मगर यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हुईं।
आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि स्टेशनों पर चौबीस घंटे स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है। इसके बाद भी प्रयागराज जाने वाली स्पेशल, साप्ताहिक और नियमित ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। आगरा रेल मंडल से ही दो माह के भीतर 122 ट्रेनों का संचालन हो चुका है। दूसरी ओर, आगरा फोर्ट और आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर दूसरे दिन भी मारामारी के हालात रहे।