रक्षाबंधन पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। आगरा रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए कैंट स्टेशन से होकर गुजरने वाली तीन जोड़ी विशेष (स्पेशल) ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनके संचालन से दिल्ली, झांसी और खजुराहो की यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ मथुरा, धौलपुर, मुरैना और ग्वालियर के सफर करने वालों को भी सुगम और अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि ट्रेन संख्या 01901 झांसी से 27 व 28 अगस्त को सुबह 11 बजे चलकर दोपहर 2:55 बजे आगरा कैंट और शाम 6:30 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में 01902 शाम 7:30 बजे निजामुद्दीन से चलकर रात 11:05 बजे आगरा कैंट और सुबह 3:30 बजे झांसी पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 01903 झांसी से 26 से 30 अगस्त तक शाम 7:20 बजे चलकर रात 11:10 बजे आगरा कैंट और रात 3:05 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 01904 निजामुद्दीन से 27 से 31 अगस्त तक सुबह 4:10 बजे चलकर सुबह 8:40 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी और दोपहर 2:05 बजे झांसी पहुंचेगी। खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन संख्या 01913, 26, 28 और 30 अगस्त को शाम पांच बजे खजुराहो से चलकर रात 2:35 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01914, 27, 29 व 31 अगस्त को सुबह 11:10 बजे निजामुद्दीन से चलकर दोपहर तीन बजे आगरा कैंट पहुंचेगी।
आगरा से गुजरात-बिहार की राह आसान, 26 अगस्त से चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
आगरा के यात्रियों के लिए गुजरात और बिहार का सफर अब और सुगम होने जा रहा है। रेलवे द्वारा अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन 26 अगस्त से साप्ताहिक रूप से शुरू किया जा रहा है। इस ट्रेन के शुरू होने से आगरा के साथ-साथ कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, गुजरात और बिहार के प्रमुख शहरों के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ईदगाह स्टेशन पर ठहराव होगा, जिससे यात्री गुजरात, राजस्थान और बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक आसानी से आवागमन कर सकेंगे।
आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि ट्रेन संख्या 19423 अहमदाबाद–भागलपुर बुधवार को अहमदाबाद से शाम 6:30 बजे चलेगी और बृहस्पतिवार को भवानी मंडी 1:58, रामगंज मंडी 2:18, कोटा 3:35, सवाई माधोपुर 4:53, गंगापुर सिटी 5:40 बजे हिंडौन सिटी 6:23 बजे बयाना 7:33 बजे, ईदगाह 9:20 और टूंडला 10:40 बजे पहुंचेगी। शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19424 शुक्रवार शाम 4:45 बजे भागलपुर से चलेगी। शनिवार को टूंडला 11:25, ईदगाह 12:20, बयाना 2:28, हिंडौन 2:53, गंगापुर 3:53, सवाई माधोपुर 4:38 बजे कोटा 6:05, रामगंज मंडी 6:58 और भवानी मंडी 7:18 बजे पहुंचेगी। रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में अहमदाबाद, आनंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, अभयपुर, जमालपुर, सुल्तानगंज और भागलपुर ठहराव होंगे। कोटा, सवाई माधोपुर और आगरा पर्यटन के प्रमुख केंद्र हैं। गुजरात में अहमदाबाद, गोधरा और बिहार में पटना-भागलपुर की ऐतिहासिक विरासत का भी आगरा के यात्री आसानी से दीदार कर सकेंगे।