छठ पर्व पर ट्रेन ठसाठस भरी हुई चल रही हैं। यात्रियों को सीट भी नहीं मिल पा रही है। घर पहुंचने के लिए लोग खड़े होकर सफर कर रहे हैं। ट्रेनों में मारामारी देखते हुए रेलवे ने छठ पर्व के लिए विशेष ट्रेन शुरू की है, जिसका संचालन 18 नवंबर से शुरू होगा।
विज्ञापन
रेलवे वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि छठ पर्व पर ट्रेनों में अधिक भीड़ रहती है। ऐसे में यात्रियों के लिए कई ट्रेनें शुरू की हैं। इसमें आगरा मंडल के यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 09623 अजमेर-बरौनी स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर को अजमेर से शाम 4:10 बजे चलेगी। ट्रेन किशनगढ़, जयपुर, गांधी नगर जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, आगरा किला, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, प्रयागराज, माधो सिंह, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, छपरा, हाजीपुर और बछवारा स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
जानकारी प्रसारित करने के निर्देश
डीआरएम ने छठ पर्व पर ट्रेनों में भारी भीड़ को देखते हुए आगरा कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया। काउंटर और कंट्रोल रूम का हाल देखा। साफ-सफाई बरतने के अलावा यात्रियों से ज्वलनशील पदार्थ साथ लेकर यात्रा न करने के लिए जागरूक किया। जांच टीम को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। डिसप्ले बोर्ड पर ट्रेन संबंधी सभी जानकारी प्रसारित करने के भी निर्देश दिए हैं।
आगरा कैंट स्टेशन पर खुलेगा जन औषधि केंद्र
रेलवे यात्रियों को सस्ती दवा उपलब्ध कराने के लिए आगरा कैंट स्टेशन पर प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र खुलेगा। इससे यात्री जरूरी दवाएं स्टेशन से ही प्राप्त कर सकते हैं। ये दवाएं बेहद किफायती होंगी। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।