टूंडला (फिरोजाबाद)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नेताजी एक्सप्रेस को महिला शक्ति संचालित करेंगी। ट्रेन में महिला रेल चालक के साथ ही गार्ड, रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस व चेकिंग स्टाफ भी महिलाएं ही रहेंगी। टूंडला रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने से पूर्व सभी महिला रेलकर्मियों का सम्मान किया जाएगा।
रेलवे ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण के लिए गत वर्ष की भांति इस बार भी दिल्ली से चलकर हावड़ा जाने वाली नेताजी एक्सप्रेस को महिला शक्ति ही संचालित करेगी। ट्रेन को लोको पायलट अर्चना कुमारी व सहायक लोको पायलट निधि शुक्ला, गार्ड के रूप में आरती वर्मा संचालित करेंगी। टीटीई स्टाफ में पुष्पा देवी, चंद्रवती व भगवानश्री होंगी। ट्रेन की सुरक्षा की जिम्मेदारी आरपीएफ की महिला कांस्टेबल सूरजवाई मीना, नेहा राज, योगिता व नेहा के कंधों पर रहेंगी।
सुबह ट्रेन के टूंडला आने से पूर्व ट्रेन को संचालित करने वाले सभी स्टाफ का स्वागत किया जायेगा। ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन से कानपुर के लिए महिला स्टाफ द्वारा संचालित होगी। महिला स्टाफ टूंडला स्टेशन से कानपुर स्टेशन तक तथा कानपुर से प्रयागराज तक कानपुर का महिला स्टाफ ट्रेन का संचालन करेगा।
- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को सम्मान देने के लिए ट्रेन को महिला स्टाफ द्वारा संचालित कराया जा रहा है। ट्रेन में पूरा स्टाफ महिलाओं का ही होगा। - अमित सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज