टूंडला में मुख्य नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण करते डीआरएम अमिताभ कुमार
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ने शनिवार को टूंडला रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों के साथ वर्चुअल मीटिंग कर कोरोना से बचाव और सफल ट्रेन संचालन के दिशा निर्देश दिए। रेलवे की यूनियनों ने उन्हें रेल कर्मियों की समस्याओं से अवगत कराया।
मंडल रेल प्रबंधक अमिताभ कुमार शनिवार सुबह छह बजे करीब अधीनस्थ अधिकारियों के साथ टूंडला पहुंचे थे। उन्होंने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। हालांकि रेलवे स्टेशन को उनके आगमन से पहले ही चमका दिया गया था, फिर भी उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया। इसके बाद वह मुख्य नियंत्रण कक्ष पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक ली।
उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना संक्रमण के तेजी से पैर पसारने पर अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि इस महामारी से बचने के लिए हमें बचाव के लिए गाइडलाइन का पालन करना होगा। बिना मास्क के कोई भी अधिकारी कर्मचारी न रहे, सामाजिक दूरी का ख्याल रखें और साफ-सफाई पर पूरा ध्यान देना होगा।
इसके बाद वह स्पेशन ट्रेन से रेल ट्रैक का निरीक्षण करते हुए हरदुआगंज के लिए रवाना हो गए। वहां से वे पुन: बहरन लौटेंगे और एटा होते हुए रात में प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। उनके साथ सीनियर डीसीएम अंशू पांडेय, एसके शुक्ला, डीटीएम समर्थ गुप्ता, एटीएम जे. संजय कुमार, एई जनरल आरके सिंह, स्टेशन अधीक्षक अमर सिंह, सीआईटी प्रशासन भूरसिंह मीणा, सीआईटी स्टेशन एके पाठक आदि रहे।