कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। राजधानी और कई एक्सप्रेस ट्रेन घंटों देरी से चल रही हैं। गाड़ियों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हो रहे हैं।
हाड़ कंपाने वाली ठंड से रविवार को भी जनजीवन प्रभावित रहा। दिन औैर रात के तापमान में अंतर कम होने से सर्दी का सितम बढ़ गया है। घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात बुरी तरह चरमरा गया है। रविवार को अप और डाउन की 40 से ज्यादा यात्री ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से आगरा के स्टेशनों पर पहुंचीं। सर्द हवाओं में यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर 10 से 15 घंटे तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार, अगले 3 दिन तक यही स्थिति रहेगी।
विज्ञापन
वहीं, रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों में गिरावट आई है। देर रात की बसें खाली होने पर निरस्त की जा रही हैं। वहीं हवाई उड़ानें भी प्रभावित हो रही हैं। रविवार को अमृतसर-नांदेड़ सचखंड एक्सप्रेस 16.50 घंटे, उत्कल एक्सप्रेस 14 घंटे की देरी से आगरा कैंट स्टेशन पहुंची। तेलंगाना एक्सप्रेस 4.32 घंटे, मुंबई राजधानी पाच घंटे, आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी सात घंटे, खजुराहो एक्सप्रेस 7.50 घंटे, आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस 7 घंटे, कर्नाटका 6.45 घंटे, केरला एक्सप्रेस 8.50 घंटे, शताब्दी सवा सात घंटे तो मालवा 5.40 घंटे लेट रहीं।
पातालकोट एक्सप्रेस 7.15 घंटे, प्रयागराज एक्सप्रेस 3.37 घंटे, महाकौशल एक्सप्रेस 8.40 घंटे, निजामुद्दीन वंदेभारत 8.17 घंटे, जबलपुर निजामुद्दीन सुपरफास्ट 4.30 घंटे की देरी से आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंचीं। इसी तरह डाउन की वंदेभारत, राजधानी, मालवा, पटना कोटा, आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस, स्वराज एक्सप्रेस, तमिलनाडु एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस भी 4-5 घंटे की देरी से आगरा पहुंचीं।
ट्रेनों के लगातार देरी से चलने के कारण ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को तो परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्रियों को बर्फीली हवाओं के बीच प्लेटफाॅर्म, वेटिंग रूम में इंतजार करना पड़ रहा है। सर्दी के कारण स्टेशनों पर यात्रियों की तबीयत भी बिगड़ रही है।
शनिवार को दो यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई थी। रेलवे के पास यात्रियों को तुरंत राहत देने का कोई इंतजाम नहीं है। कर्नाटक के एम देवराज ने बताया कि गाड़ियां घंटों तक लेट हैं मगर ट्रेनों में कई बार पानी खत्म होने पर यात्रियों की सुनवाई नहीं हो पा रही है। रेलवे को यात्री सुविधाएं बढ़ानी चाहिए।