मैनपुरी। फर्रुखाबाद-शिकोहाबाद रेलवे लाइन के उच्चीकरण के चलते भोगांव में जीटी रोड पर आज से रफ्तार थम जाएगी। छह दिनों तक भोगांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर काम के चलते यहां आवागमन बंद रहेगा। ऐसे में वाहनों को आने जाने के लिए चार गुना अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी।
इन दिनों फर्रुखाबाद-शिकोहाबाद रेलवे लाइन को उच्चीकृत करने का काम चल रहा है। इसके लिए रेलवे द्वारा पटरियां बदली जा रही हैं। एक अक्तूबर को भोगांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर काम शुरू होगा, जो छह अक्तूबर तक चलेगा। ऐसे में जीटी रोड से गुजरने वाले वाहनों को अपना रास्ता बदलना होगा।
भोगांव से ठीक पहले जीटी रोड पर रेलवे क्रॉसिंग है। इस क्रॉसिंग के बंद होने से भोगांव आने वालों के साथ ही कानपुर और दिल्ली रूट पर जाने वाले वाहनों को समस्या होगा। उन्हें चार गुना से भी अधिक सफर तय करना पड़ेगा। दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन भोगांव से आठ किलोमीटर पहले फर्दपुर से मैनपुरी होते हुए भोगांव पहुंचेंगे। ठीक यही रूट कानपुर से आने वाले वाहनों को भी तय करना पड़ेगा। इसकी कुल दूरी 32 किलोमीटर है। छह दिनों तक ये रूट बंद रहेगा। ये जानकारी वरिष्ठ खंड अभियंता रेल पथ सुनील कुमार ने दी है।
रोजाना गुजरते हैं हजारों वाहन
जीटी रोड पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। यहां बसों व निजी वाहनों के अलावा सबसे अधिक संख्या ट्रकों की है। इसके पीछे कारण इस हाईवे पर कहीं भी टोल न होना है। ऐसे में इन हजारों वाहनों का दबाव भोगांव-मैनपुरी मार्ग और फर्दपुर-मैनपुरी मार्ग पर बढ़ जाएगी। वहीं बाहर से आने वाले लोगों के लिए जानकारी न होना भी मुश्किल का कारण बनेगा।