आगरा के कस्बा बिचपुरी में शुक्रवार को रेलवे फाटक बंद रहने के कारण एक घंटे से अधिक समय तक जाम की स्थिति बनी रही। सड़क के दोनों ओर लगभग 300 मीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी कपिल गंधार ने बताया कि रेलवे फाटक पर सुबह और शाम के समय रोजाना इसी तरह जाम लगना आम बात हो गई है। जाम के कारण स्कूली बच्चों और काम पर जाने वाले मजदूरों को समय पर पहुंचने में दिक्कत होती है। इसके अलावा ब्लॉक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के चिकित्सक, कृषि वैज्ञानिक और कॉलेज के शिक्षक भी इससे प्रभावित होते हैं।
वहीं, उन्होंने बताया कि यहां रेलवे फाटक पर आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) बनाए जाने का प्रस्ताव है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। सतेंद्र प्रकाश, लालसिंह चौधरी, हेमंत और आर्यन पचौरी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से आरओबी निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराए जाने की मांग की है, ताकि लोगों को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।