कासगंज। शहर के बारहद्वारी इलाके में कमीशन एजेंट फर्जी आईडी बनाकर रेल टिकट बेच रहा था। रेल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दुकान पर छापा मारा। कमीशन एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मौके से फर्जी आईडी से बनाई टिकटें और नकदी बरामद की है। पुलिस ने लैपटॉप और प्रिंटर को जब्त किया है।
आरपीएफ प्रभारी सुजीत कुमार झा को सूचना मिली कि बारहद्वारी इलाके में एक दुकान पर रेलवे के कमीशन एजेंट अधिकृत आईडी से नहीं बल्कि फर्जी आईडी से टिकट बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने दुकान पर छापा मारा और दुकानदार अजय को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि टिकट विक्रेता रेलवे का अधिकृत कमीशन एजेंट है। वह अधिकृत आईडी के अलावा भी फर्जी आईडी से भी टिकट बनाकर बेचता था।
पुलिस ने मौके से रिजर्वेशन बुकिंग फार्म, फर्जी आईडी से बनाई गईं टिकटें बरामद की हैं। इन टिकटों की कीमत 10 हजार रुपये है। आरपीएफ प्रभारी सुजीत कुमार झा ने बताया कि मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक हौंसला प्रसाद को दी गई है। अतिरिक्त रुपयों के लालच में कमीशन एजेंट ने फर्जी ेआईडी बनाकर टिकट बेचीं थीं।