विभाग को कई दिनों से इस क्लीनिक की शिकायत मिल रही थी। इस पर सीएमओ पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करने के लिए माैके पर पहुंचे। यहां का दृश्य देख टीम भी चाैंक गई।
आगरा में सीएमओ ने बृहस्पतिवार को बमरौली कटारा के नवामील जनौरा रोड स्थित घर में संचालित एसएन क्लीनिक पर छापा मारा। यहां अप्रशिक्षित स्टाफ मरीज को इंजेक्शन लगा रही थी। कमरे में सरकारी, सैंपल की दवाओं का भंडारण मिला। दवाओं को सील करते हुए औषधि विभाग को रिपोर्ट दी है। संचालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
विज्ञापन
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने शिकायत पर पुलिस के साथ बुधवार की देर शाम को एसएन क्लीनिक पर छापा मारा। बोर्ड पर सुशील शर्मा लिखा था। एक युवती मरीज के इंजेक्शन लगाते हुए पकड़ी गई। उसने अपना नाम और चिकित्सकीय डिग्री नहीं बताई। कमरे में भारी संख्या में दवाओं का भंडारण मिला।
जांच करने पर सरकारी दवाएं (उत्तर प्रदेश सप्लाई), सैंपल की दवाएं मिलीं। उपयोग की गईं दवाएं भी मिलीं। कई दवाओं पर बैच नंबर भी मिटा दिए थे। सिरिंज, फ्ल्यूड बोतलें, आईबी सेट, बीपी मापक, आईबी स्टैंड समेत अन्य चिकित्सकीय सामान मिला।
निरीक्षण के वक्त जयप्रकाश शर्मा मिले। उन्होंने बताया कि वह संचालक के पिता हैं। बेटा सुशील कुमार होम्योपैथिक चिकित्सक है। उन्होंने संचालक से फोन पर बात कराई। उनको क्लीनिक पर बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आए। फोन पर ही क्लीनिक का सीएमओ कार्यालय में पंजीकरण होने के बारे में जानकारी की तो मना कर दिया गया।
ऐसे में चिकित्सकीय उपकरण और दवाओं को कमरे में बंद कर सील कर दिया। दवाओं की जांच करने के लिए औषधि विभाग को रिपोर्ट भेजी है। नोटिस चस्पा कर दिया है।
सरकारी दवाओं के मिलने की होगी जांच
फतेहाबाद में सोमवार को एसएन पॉलीक्लीनिक में छापे के वक्त कुछ सरकारी दवाएं मिली थीं, उन पर भी बैच नंबर हटा दिए गए थे। अब बमरौली कटारा स्थित एसएन क्लीनिक पर भी सरकारी दवाएं मिली हैं। सीएमओ ने बताया कि बैच नंबर के आधार पर इसकी भी जांच कराई जा रही है।
जांच के लिए टीम भेजेंगे
सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने बताया कि बमरौली कटारा में दवाओं का भंडारण मिलने की सूचना मिली है। टीम भेजकर इसकी जांच कराएंगे। इसमें दवाएं कहां से खरीदीं, सैंपल-सरकारी दवाएं कहां से आईं, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी।