आगरा के जरार में सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने फतेहपुर सीकरी से प्रत्याशी राज बब्बर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इसमें प्रियंका ने जहां राष्ट्रवाद को लेकर भाजपा पर तीखे प्रहार किए तो वहीं राहुल ने नोटबंदी और किसानों के मुद्दे पर नरेंद्र मोदी को घेरा।
भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि वे खुद को राष्ट्रवादी कहते हैं। अगर आप राष्ट्रवादी हैं, तो देश के सारे शहीदों का सम्मान कीजिए। उन शहीदों को जो हिंदू है, जो मुस्लिम हैं और उनका भी जो नेता विपक्ष के पिता हैं। प्रियंका का इशारा राजीव गांधी की ओर था। उन्होंने कहा कि अगर आप राष्ट्रवादी हैं, चुनाव के वक्त पाकिस्तान की नहीं, हिंदुस्तान की बात करिए। युवा, किसान और जवान की बात करिए।
प्रियंका ने किसानों के मुद्दे पर भी पीएम मोदी को घेरा। उन्होंने कहा कि अगर आप राष्ट्रवादी हैं, तो नंगे पांव चलकर आपके दरवाजे तक आने वाले किसानों से क्यों नहीं मिले। आपके साथी ने किसी महिला के खिलाफ बयान दिया, तो आपने उसे इस देश की तहज़ीब क्यों नहीं सिखाई।