मैनपुरी। क्वारंटीन हाउस में सैंपलिंग कराने वालों के लिए उपलब्ध कुर्सी, बोरों का प्रयोग कोई और न करे। कोरोना पॉजिटिव मरीजों से घर के सदस्यों की तरह व्यवहार किया जाए। यह निर्देश डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने दिए हैं।
डीएम ने मंगलवार को भोगांव के कोविड वार्ड, क्वारंटीन हाउस का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा जो भी लोग सैंपलिंग कराने आएं उनकी तत्काल आईडी जनरेट कर सैंपलिंग कराई जाए। इनमें लक्षण न हों उन्हें रिपोर्ट आने तक होम क्वारंटीन रहने की हिदायत देकर ही घर भेजें। कोविड वार्ड के सभी कक्षों, शौचालयों की दिन में कम से कम दो बार सफाई कराई जाए।
बेडशीट प्रतिदिन बदलीं जाएं। चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, पीपीई किट पहने रहें। सफाईकर्मी भी पीपीई किट पहनकर ही कमरे में साफ सफाई करें। नियमित अंतराल पर हाइड्रोक्लोरिक एसिड से मॉपिंग कराएं। प्रभारी चिकित्साधिकारी भोगांव अमित भारती, प्राचार्य डायट राकेश यादव, नोडल अधिकारी डॉक्टर प्रदीप यादव मौजूद रहे।