फिरोजाबाद के नगला मनी में सोमवार को उस समय खलबली मच गई, जब बोरी में बंद विशालकाय अजगर उसे फाड़कर पास स्थित एक मकान में कमरे में घुस गया। ग्रामीणों ने कमरा बंद कर दिया और वन विभाग को सूचना दी।
ग्रामीणों के अनुसार वन विभाग ने अजगर को मंगलवार को पकड़वाने की बात कहकर इतिश्री कर ली। जिस घर में अजगर कैद है, उस परिवार के लोग घर में जाने से डर रहे हैं। वहीं गांव में अजगर होने से ग्रामीण भी दहशत में हैं।
थाना जसराना क्षेत्र के नगला मनी के पास कुछ लोग खेतों में कार्य कर रहे थे। तभी अचानक अजगर देख चिल्लाने लगे। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देने के बाद अजगर को बोरी में बंद कर लिया और उसे गांव ले आए।
कमरे में कुंडली मारकर बैठा है अजगर
घर के बाहर खड़े ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
ग्रामीणों ने बताया कि अजगर को दुर्गेश के घर के पास रख दिया था, लेकिन अचानक अजगर बोरी फाड़कर बाहर निकल आया। यह देख लोगों में भगदड़ मच गई। अजगर दुर्गेश के घर में घुस गया। लोगों ने कमरा बाहर से बंद कर दिया।
वन विभाग की टीम गांव पहुंची, लेकिन वाइल्ड लाइफ की टीम के मंगलवार को आने की बात कहकर लौट गए। गांव के लोग दहशत में हैं। वनदरोगा सुरेश चंद्र ने बताया कि मंगलवार को टीम आकर अजगर को पकड़कर ले जाएगी।
उधर, आगरा के थाना पिनाहट क्षेत्र के अर्जुनपुरा गांव निवासी किसान के खेत में रविवार को 10 फीट लंबा अजगर निकल आया। वो खेत से निकलकर किसान की साइकिल से लिपट गया। ग्रामीणों ने वन विभाग की इसकी सूचना दी, लेकिन काफी देर तक जब कोई नहीं पहुंचा तो लोगों ने खुद अजगर को पकड़ लिया।