आगरा के बरहन में गांव गढ़ी खंजर में रविवार की रात चारपाई पर सो रहे छात्र मनीष कुमार (19) के बगल एक अजगर रेंगते हुआ पहुंच गया। करवट बदलने पर छात्र का हाथ अजगर पर पड़ा तो घबराकर उसकी नींद टूट गई। कमरे की लाइट जलाई तो देखा कि चारपाई पर उसके बगल अजगर लेटा था। घबराए छात्र ने परिजनों को जगा दिया।
विशालकाय अजगर के देख घरवालों के पसीने छूट गए। घरवालों का शोर सुनकर गांव वालों की भीड़ जुट गई। अजगर के पास जाने की कोई हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। पुलिस और वन विभाग को को सूचना दी गई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन सुबह तक वन विभाग की टीम नहीं पहुंची।
काफी इंतजार के बाद ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने अजगर को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। मनीष कुमार ने बताया कि वह दयालबाग, आगरा में पॉलीटेक्निक का छात्र है। रविवार रात को गांव में कमरे में चारपाई पर सो रहा था। रात करीब 10 बजे करवट बदलने पर बगल में रेंगते हुए पहुंचे अजगर पर पड़ा तो वह घबरा गया।
रातभर अजगर की रखवाली करते रहे परिजन
परिजन रातभर जागकर अजगर की रखवाली करते रहे। सोमवार सुबह 9 बजे तक वन विभाग के किसी भी कर्मचारी के नहीं पहुंचने पर उसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया।