धौर्रा में निकलने अजगर को पकड़े वन विभाग का कर्मचारी व दूसरे चित्र में ब्लैक कोबरा सांप स्रोत वन
फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में मंगलवार को अजगर और काला कोबरा निकलने से हड़कंप मच गया। जानकारी पर पहुंची वन विभाग की टीम ने दोनों सांपों को रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया।
पहला मामला थाना क्षेत्र के गांव धौर्रा का है, जहां खेत में करीब 10 फीट लंबा अजगर निकल आया। ग्रामीणों ने सांप को देखकर शोर मचाया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने पहुंचकर अजगर को पकड़ा और जंगल में छोड़ दिया। वहीं, दूसरा मामला छतरियापुरा गांव का है, जहां एक करब से लदे ट्रैक्टर में काला कोबरा निकल आया। अचानक कोबरा को देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर वन विभाग की टीम ने पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और कोबरा को सुरक्षित जंगल में छोड़ा। वन क्षेत्राधिकारी फतेहाबाद विशाल राठौर ने बताया कि छतरियापुरा में ट्रैक्टर से काला कोबरा मिला था, जबकि धौर्रा में निकला अजगर करीब 10 फीट लंबा था और ऐसा लग रहा था कि उसने हाल ही में कुछ खा लिया है। दोनों सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया है।