लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का बैंक खाता कुर्क हो गया है। इससे दो महीने से कर्मचारी और अधिकारियों को वेतन नहीं मिला है। विरोध में बृहस्पतिवार को लोक निर्माण विभाग संघर्ष समिति के आह्वान पर आंदोलन का बिगुल फूंका गया। पांच जनवरी से कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन का एलान किया गया है।
इस आंदोलन में उत्तर प्रदेश पीडब्ल्यूडी डिप्लोमा इंजीनियर संघ, वैयक्तिक सहायक, स्टेनोग्राफर संघ, मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन कार्यालय प्रमुख अभियंता, मुख्य अभियंता संघ, सर्किल ऑफिसेस मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन, पीडब्ल्यूडी मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन और नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ शामिल हैं।
सभी संगठनों के अध्यक्ष और मंत्रियों ने मुख्य अभियंता को भेजे पत्र में 5 जनवरी से सामूहिक कार्य बहिष्कार का एलान किया है। समिति का कहना है कि बार-बार सूचित करने के बाद भी उच्च अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं। दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार के भरण पोषण में मुश्किल हो रही है। कॉमर्शियल कोर्ट ने एक मामले में भुगतान नहीं करने पर पीडब्ल्यूडी का डीडीओ कोड 4227 कुर्क कर रखा है। इस संबंध में समिति ने जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त को भी पत्र भेजा गया है।