जनसेवा केंद्र संचालक ने कमाई करने के लिए पार्षद की फर्जी मुहर बना ली। इसके बाद वो लोगों को फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहा था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आगरा के बोदला में जनसेवा केंद्र संचालक पार्षद की मुहर और हस्ताक्षर कर फर्जी प्रमाणपत्र बना रहा था। पार्षद ने आरोपी संचालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन
नगर निगम के वार्ड 73 की पार्षद मीनाक्षी वर्मा ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों से उन्हें शिकायत मिल रही थी कि उनके पदनाम की मुहर का दुरुपयोग किया जा रहा है। इससे लोगों के दस्तावेज बनाए जा रहे हैं। 16 जनवरी की शाम वह बोदला सराय स्थित काव्या जनसेवा केंद्र पहुंचीं। मौके पर संचालक यशपाल ने 200 रुपये लेकर आधार कार्ड में सुधार का फाॅर्म दिया। फाॅर्म भरकर देने पर वो बाहर गया।
कुछ देर बाद उनकी मुहर और हस्ताक्षर कर फार्म पर ले आया। वह निवास प्रमाणपत्र समेत कई दस्तावेज बनाने की बात कर रहा था। मुहर के बारे में पूछने पर अभद्रता करने लगा। इस पर लोगों के सहयोग से उसे पकड़ लिया। थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। दस्तावेजों को जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।