एक दवा कंपनी के कर्मचारी को आनलाइन शापिंग भारी पड़ गई। पेटीएम से मोबाइल का आर्डर किया, लेकिन जब डिलीवरी हुई तो डिब्बे में मोबाइल की जगह गोबर निकला। उसने इसकी शिकायत पेटीएम कंपनी में की। इस पर उसके रुपये वापस करने का आश्वासन दिया गया है।
कृष्णा बाग, टेढ़ी बगिया, एत्माद्दौला निवासी दानिश अली एक दवा कंपनी में काम करते हैं। पिछले दिनों उन्होंने हाईटेक कंपनी का मोबाइल पेटीएम से आनलाइन आर्डर किया था। इसके लिए तकरीबन चार हजार रुपये पेटीएम से अदा किए। शुक्रवार शाम तकरीबन 4:30 बजे दानिश के घर डिलीवरी ब्वाय आया। उसने एक डिब्बा दिया। डिलीवरी ब्वाय सप्लाई देने के बाद जाने लगा। मगर, दानिश ने उसे रोक लिया। इसके बाद डिब्बा खोला। उस डिब्बे में मोबाइल नहीं मिला। दानिश के मुताबिक, बाक्स में गोबर रखा हुआ था। इसके अलावा मोबाइल की लीड आदि भी थे। उसने डिलीवरी देने आए युवक को पकड़ लिया। उससे मोबाइल देने को कहा। युवक ने कंपनी से बात करने के लिए बोल दिया। दानिश अली ने कंपनी के नंबर पर शिकायत की। इस पर उसे बताया गया कि अगर, गोबर निकला है तो आर्डर के लिए दी गई धनराशि वापस कर दी जाएगी।