आगरा। उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग (यूपी टी-20) के चौथे सीजन के मिनी ऑक्शन की पूर्व संध्या पर आगरा पहुंचे उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने कहा कि यूपी टी-20 अब केवल एक टी-20 लीग नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सबसे बड़ा मंच बन चुकी है। हर सीजन से नए सितारों का निकलना इसकी सबसे बड़ी सफलता है।
विशेष बातचीत में सचिन शुक्ला ने कहा कि पिछले तीन सीजन में यूपी टी-20 ने कई खिलाड़ियों को भारतीय टीम, आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने का मौका दिया है। लीग का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा कराना नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभाओं को पेशेवर माहौल और बड़े मंच से जोड़ना है।
सचिन शुक्ला ने बताया कि ऑक्शन में सभी फ्रेंचाइजी ने व्यापक तैयारी की है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर बोली लगाई जाएगी। कई युवा खिलाड़ी इस ऑक्शन के जरिए अपने क्रिकेट करियर की नई शुरुआत कर सकते हैं। कहा कि यूपी-टी20 ने उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच दिया है। हर सीजन से नए खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश के हर कोने की प्रतिभा को अवसर मिले और वह आगे बढ़कर भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाए। हमें उम्मीद है कि इस बार का ऑक्शन भी कई नए सितारों को प्रदेश और देश के क्रिकेट मानचित्र पर स्थापित करेगा।