मैनपुरी। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सरकार 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी वित्त विहीन कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे पांच अगस्त तक न्यूनतम दरों पर छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज खरीदवाना सुनिश्चित करें।
डीआईओएस मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि 11 से 17 अगस्त तक शासन द्वारा हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के सभी वित्त विहीन कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे 20 इंच चौड़ा और 30 इंच लंबा राष्ट्रीय ध्वज न्यूनतम दरों में छात्र-छात्राओं को क्रय कराना सुनिश्चित करें। यह ध्वज स्वयं सहायता समूह, महिला समूह आदि से खरीदा जाएं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि पांच अगस्त तक ध्वज क्रय कराकर इसकी जानकारी उनके कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। डीआईओएस ने चेतावनी दी कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी। इसका प्राथमिकता से पालन किया जाए।