कासगंज। गंजडुंडवारा के गांव ढकरई में खूनी संघर्ष के दौरान युवक की हत्या के बाद आक्रोशित परिजन ने कोतवाली में शव रखकर 3 घंटे तक हंगामा किया। पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। मामले में एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 पुलिस टीमें लगाई है।
ढकरई गांव में दिवाली की रात दो पक्षों में हुए विवाद में पवन की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने शव को लाकर कोतवाली में रख दिया। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश व्यक्त किया और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। पटियाली सीओ संदीप वर्मा व नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। आरोपियों पर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाकर मामला शांत कराया। उसके भाई विकास ने बताया कि भाई पवन की शादी एक साल पहले नीलम के साथ हुई थी। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।
पवन दिल्ली में नौकरी कर जीवन यापन करता था। दिवाली पर्व मनाने के लिए दो दिन पहले गांव आया था। उसकी मौत के बाद पत्नी नीलम और परिवार के सदस्य सदमे में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। एएसपी सुशील कुमार ने बताया कि आराेपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 3 टीमें लगाई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।