वृंदावन। विश्व बैंक की प्रो-पुअर योजना के तहत हो रहे सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान शुक्रवार को दुकानदारों ने लोई बाजार में हंगामा किया। विरोध प्रदर्शन करते हुए दुकानदारों ने ठेकेदार पर पत्थरों को न तोड़ने के एवज में दो-दो हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया और कोतवाली में तहरीर दी है।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर से जुड़ी गलियों में सौंदर्यीकरण कार्य चल रहा है। शुक्रवार को लोई बाजार में चिह्नांकन किया। दुकान के बाहर सड़क पर निकल रहे पत्थरों को तोड़ने के लिए चिह्नांकन शुरू किया तो दुकानदारों ने इसका विरोध किया। विरोध के चलते काम रुक गया। ठेकेदार के साथ दुकानदारों की झड़प भी हो गई।
मौके पर पहुंचे अभियंता राकेश चौधरी के प्रयास के बाद भी मामला नहीं सुलझा। दुकानदारों का आरोप है कि ठेकेदार कुछ दुकानदारों से पत्थर न तोड़ने के एवज में दो-दो हजार रुपये मांग रहा है। बड़ी संख्या में दुकानदार प्रदर्शन करते हुए कोतवाली पहुंचे और ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी।
कोतवाली में उड़ी सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां
लोई बाजार के दुकानदारों के प्रदर्शन दौरान वृंदावन कोतवाली में सोशल डिस्टेंसिंग की खूब धज्जियां उड़ी। अधिकांश दुकानदारों ने न तो मास्क लगाए थे और न सामाजिक दूरी का पालन किया। जबकि यहां के कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार, निरीक्षक जगदीश कुमार समेत कई उपनिरीक्षक व पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।