मैनपुरी। दिल्ली में अधिवक्ताओं के साथ हुई घटना के विरोध में सोमवार को दीवानी के वकीलों ने कार्य बहिष्कार किया। दीवानी से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करके वकीलों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम को दिया।
सोमवार को सुबह दीवानी के वकील सभाकक्ष में एकत्रित हुए। बैठक में दिल्ली में वकीलों के साथ हुई घटना के विरोध में कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। अदालतों में कार्य बहिष्कार करने के बाद नारेबाजी करते हुए वकील कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम को दिया।
ज्ञापन में कहा गया है दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में पुलिस ने निहत्थे वकीलों पर फायरिंग की है। जिससे कई वकील घायल हुए हैं। वकीलों के चैंबरों में भी पुलिस ने तोड़फोड़ की है। न्यायालय परिसर में पुलिस ने अभद्रता की है। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जानी चाहिए। न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था तय की जानी चाहिए। देश में अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू किया जाना चाहिए। इस मौके पर अध्यक्ष सौरभ यादव, सचिव ब्रजेंद्र सिंह यादव, जीतू राजपूत, बिंदू यादव, विनीता भदौरिया, दिनेश चंद्र, राजीव शाक्य, संतोष यादव, सुरेंद्र सिंह, गोविंद, राहुल आदि मौजूद रहे।
पुलिसकर्मियों के खिलाफ हो कार्रवाई
मैनपुरी टैक्स बार एसोसिएशन की बैठक में दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में वकीलों पर की गई फायरिंग के आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। कार्रवाई नहीं होनेे पर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में अध्यक्ष उमेशचंद्र जैन, सचिव देवानंद वर्मा, आदित्य दुबे, राकेश यादव, अशोक अग्रवाल, शरद मिश्रा, आरपी गुप्ता, रवि यादव, मिथिलेश यादव, मनोज यादव, श्याम द्विवेदी, गोविंद मिश्रा मौजूद रहे।