बेरोजगार दिवस पर प्रदर्शन करते दिखे कांग्रेसी
- फोटो : ETAH
कासगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन कांग्रेस ने बेराजगारी दिवस के रूप में मनाया। जिला कांग्रेस सेवादल एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए सरकार की नीतियों का विरोध किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया।
जिलाध्यक्ष मनोज पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। देशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसमें बड़ी संख्या में नौजवान हिस्सा लेकर सरकार से रोजगार की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और सरकार का विरोध किया जा रहा है। सरकारों ने तमाम नई भर्तियों की नियुक्ति निरस्त कर दी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने अब पांच वर्ष संविदा पर नौकरी का प्रावधान किया है, जो गलत है।
यह बेरोजगारों पर कुठाराघात है। 50 वर्ष की आयु में रिटायरमेंट करना न्यायसंगत नहीं है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में नारेबाजी की। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुनेंद्र पाल सिंह, शहर अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप, सेवादल जिलाध्यक्ष दीप कुमार पांडे, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित यादव, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ पाल, दीपक धनगर, पवन यादव, टिंकू ठाकुर, रोहित यादव, सिद्धार्थ वाल्मीकि, जतिन पाल, आदित्य प्रकाश, सौरभ सहित आदि मौजूद रहे।