कासगंज के हिम्मतपुर सई में ग्रामीणों को समझाते एसडीएम
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। ग्राम हिम्मतपुर सई में पालिका द्वारा सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट के लिए चिह्नित स्थान पर कूड़ा डालने से ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने पालिका की गाड़ियों को रोक लिया और पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर पहुंचे एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो सका। अभी फिलहाल कूड़ा डालने पर रोक लगा दी गई है।
नगर पालिका ने शहर से निकलने वाले कूड़े का निस्तारण करने के लिए ग्राम हिम्मतपुर सई में 65 बीघा जमीन का चयन किया है। इस जमीन पर छह करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट का डीपीआर बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। हालांकि इसे अभी शासन से मंजूरी नहीं मिली है। पालिका ने चिह्नित स्थान पर चारदीवारी कराए बिना ही कूड़े की गाड़ियां भेजना शुरू कर दिया है। शनिवार को पालिका की गाड़ियाें द्वारा चिह्नित स्थल पर कूड़ा डालने की जानकारी पर ग्रामीण एकत्रित हो गए।
ग्रामीणों ने पालिका के कूड़ा लेकर आ रहे पालिका की गाड़ियों को रोक दिया और पालिका के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पालिकाकर्मियों ने मामले की जानकारी पालिका प्रशासन को दी। सूचना पर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। सूचना पर एसडीएम सदर भी मौके पर आ गए। एसडीएम ने ग्राम प्रधान को बुलाकर वार्ता की। इसके बाद ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। कूड़ा लेकर आई गाड़ियों को वापस लौट दिया गया और कुछ समय के लिए चिह्नित स्थल पर कूड़ा नहीं डालने को कहा।