कासगंज। कासगंज से अलीगढ़ की राह आसान करने के लिए लोक निर्माण विभाग बाया ढोलना मार्ग को राज्य मार्ग में परिवर्तित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। ढोलना में अतिक्रमण हटाओ अभियान की जांच को पहुंचे अधिकारियों ने प्रस्ताव भेजे जाने की पुष्टि की। इस खबर के बाद ढोलना के ग्रामीण सड़क चौड़ीकरण के बदले अब मुआवजे की मांग उठा रहे हैं।
पिछले दिनों ढोलना में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था जिसका ढोलना के ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। ग्रामीणों के विरोध के बाद डीएम सीपी सिंह ने मामले की जांच के लिए टीम बनाई और अतिक्रमण हटाओ अभियान पर रोक लगा दी। बुधवार को अतिरिक्त उपजिलाधिकारी रविंद्र कुमार और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जांच के दौरान स्पष्ट किया कि कासगंज से ढोलना होते हुए पनैठी तक की सड़क को राज्यमार्ग में परिवर्तित किया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश दिखा। ग्रामीणों की मांग थी कि यदि इस संपर्क मार्ग को राज्यमार्ग में परिवर्तित किया जा रहा है तो जमीन के बदले उन्हें मुआवजा मिलना चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें मुआवजा नहीं मिला तो आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों ने दिखाई फर्द
ग्रामीण टेनेश राना, रिंकू राना, रामप्रकाश सहित अन्य ग्रामीणों ने अधिकारियों को फर्द दिखाई है। इस सरकारी अभिलेख में ग्रामीणों के नाम जमीन दर्ज है। उस जगह पर भी लोक निर्माण विभाग ने अतिक्रमण का चिह्नीकरण कर दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि मनमाने ढंग से अतिक्रमण हटाए गए तो वह न्यायालय की शरण लेंगे।
उड़ान स्कीम के तहत फोरलेन का प्रस्ताव
सड़क को राज्यमार्ग में परिवर्तित करने का ही प्रस्ताव नहीं है, बल्कि फोरलेन का एक और प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी द्वारा शासन को पूर्व में भेजा जा चुका है। अलीगढ़ धनीपुर मंडी के समीप एयरपोर्ट प्रस्तावित होने के कारण उड़ान स्कीम के तहत लोक निर्माण विभाग शासन को फोरलेन का प्रस्ताव भेज चुका है।
आंकड़े की नजर से
- 50 किलोमीटर तक की सड़क को राज्यमार्ग में परिवर्तित करने का प्रस्ताव।
- 2 प्रस्ताव भेजे गए हैं शासन को।
वर्जन
प्रस्ताव भेजे गए, लेकिन अभी स्वीकृति नहीं है
- शासन को फोरलेन और राज्यमार्ग का प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिली है। ढोलना में सरकारी जमीन पर चिह्नीकरण किया गया है।
सुधीर कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।