कासगंज में किसानों के आंदोलन को लेकर रेलवे स्टेशन पर अलर्ट पुलिस
- फोटो : KASGANJ
रेलवे ट्रैक बाधित करने का एलान करने के बाद प्रदर्शन कर रहे किसानों को बृहस्पतिवार को पुलिस ने हजारा नहर के समीप रोक लिया। इधर बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसीबल के जवान तैनात थे। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच हल्की नोकझोंक हुई। मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ ने किसानों के साथ मजबूत संवाद किया और उनका ज्ञापन लेकर प्रदर्शन समाप्त कराया। वहीं पुलिस ने रेलवे स्टेशन से लेकर अन्य चिह्नित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती। दिनभर पुलिस पीएसी बल तैनात रहा।
भारतीय किसान यूनियन स्वराज द्वारा बृहस्पतिवार को कृषि कानूनों के विरोध में रेल रोको आंदोलन का एलान किया गया था। यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडे एवं प्रमुख महासचिव श्यामवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में बृहस्पतिवार दोपहर को बड़ी संख्या में किसान कैंप कार्यालय गढ़ी हरनाठेर से कासगंज की ओर बड़े। वहीं पुलिसबल जगह-जगह तैनात था। गढ़ी से कासगंज की ओर आ रहे किसान जैसे ही हजारा नहर पर पहुंचे यहां पुलिस ने घेरा बनाकर उन्हें रोक लिया। पहले तो किसानों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक हुई।
इसके बाद यहां एसडीएम ललित कुमार, सीओ आरके तिवारी मौके पर पहुंच गए। किसानों के साथ संवाद किया। उन्हें भरोसा दिया कि उनका मांग पत्र शासन को भेज दिया जाएगा और फिर किसानों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंप दिया। इस दौरान किसान नेता आशीष पांडे, विनोद चौहान, सुरेश पाल सिंह, हरीश चंद्र, अमर सिंह, करमचंद सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
वर्जन-
- किसानों के आंदोलन के मद्देनजर सतर्कता रही। किसानों का ज्ञापन ले लिया गया है और उन्हें समझाया है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। - ललित कुमार, एसडीएम।
- सुबह से ही अलर्ट रहा पूरे दिन चिह्नित स्थानों और रेलवे स्टेशन पर पुलिस पीएसीबल तैनात रहा। पूरी तरह शांति व्यवस्था बनी रही। पुलिस पूरी तरह सतर्क रही- आरके तिवारी, सीओ, सिटी।
कासगंज में आंदोलनकारी किसानों को समझाते एसडीएम, सीओ- फोटो : KASGANJ