कासगजं में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। भारतीय किसान यूनियन (किसान) ने बारह पत्थर मैदान पर मंगलवार को प्रदर्शन करके मांगों के समाधान की मांग उठाई। 21 सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। बारह पत्थर मैदान पर किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट था।
किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर ने 21 सूत्रीय मांगों के संबंध में बताया कि किसान आयोग का गठन किया जाए और इस किसान आयोग में सेवानिवृत्त न्यायाधीश एवं कृषि वैज्ञानिक रखे जाएं। किसानों को कृषि कार्य हेतु 18 घंटे बिजली प्रतिदिन दी जाए। किसानों को सिंचाई के लिए विद्युत दरों को आधा किया जाए। किसानों के समस्त कर्ज माफ किए जाएं।
कृषि कार्य के लिए जाने वाले ट्रैक्टर के लिए ब्याज दर 15 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत की जाए। किसानों का लागत एवं लाभांस मूल्य जोड़कर समर्थन मूल्य तय किया जाए। सभी प्रकार की फसलों को खरीदने के लिए तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर क्रय केंद्र खोले जाएं। किसानों के लिए आर्थिक आधार पर आरक्षण की व्यवस्था हो। 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके किसानों को जीवनयापन के लिए 5 हजार रुपये मासिक भत्ता दिया जाए। किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव शिव प्रताप सिंह ने अन्य मांगों के संबंध में बताया कि गो हत्या रोकने के लिए गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिया जाए।
देश की पवित्र नदियां गंगा, यमुना में गिर रहे गंदे नालों को तत्काल रोका जाए। हथिनी कुंड से गंगा में पानी छोड़कर जलस्तर बढ़ाया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन मांगों को पूरा करने के लिए ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि उनकी मांगे नहीं मानी जातीं तो किसान लखनऊ में आंदोलन करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। एसडीएम ललित कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। एसडीएम ने किसानों को भरोसा दिया कि उनका मांग पत्र लखनऊ मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा।
कासगंज में किसानों के प्रदर्शन के दौरान तैनात पुलिस- फोटो : KASGANJ