किरावली। क्षेत्र में गहराये पेयजल संकट के विरोध में 4 नवंबर से तहसील मुख्यालय पर शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है। इस संबंध में शनिवार को क्षेत्रवासियों ने मुख्य विकास अधिकारी और उप-जिलाधिकारी किरावली को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगला बघेल, रायभा, अछनेरा और किरावली क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है। भूगर्भ जलस्तर अत्यधिक नीचे चले जाने के कारण अधिकांश हैंडपंप सूख चुके हैं। जो इक्का-दुक्का स्रोत बचे भी हैं, उनका पानी अत्यधिक खारा और पीने योग्य नहीं है। महिलाओं और बच्चों को मीलों दूर से पानी ढोकर लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो 4 नवंबर से सभी क्षेत्रवासी तहसील किरावली पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। मामले में एसडीएम किरावली अभिनव पाठक ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को समस्या निस्तारण के निर्देश दिए हैं। ज्ञापन देने वालों में चौधरी दिलीप सिंह, केशव बघेल, नेत्रपाल बघेल, हरी बघेल, थान सिंह, अतर सिंह बघेल, मुन्ना राम महौर, मुकेश सविता आदि मौजूद रहे।